बड़वानी में नवाचार की नई मिसाल: किसानों के स्टार्टअप और युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहन
बड़वानी जिले के नागलवाड़ी में उन्नत किसानों और प्रबुद्धजनों के साथ आत्मीय संवाद किया। यह जानकर अत्यंत प्रसन्नता हुई कि छोटे स्थानों पर भी हमारे किसान स्टार्टअप के माध्यम से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रहे हैं। घटवा निवासी उन्नत कृषक श्री महेश पाटीदार जी का “गुड़ की चाय” स्टार्टअप सराहनीय है। उन्होंने पीएमएफएमई योजना के तहत ₹28 लाख का ऋण लिया, जिसमें ₹10 लाख का अनुदान प्राप्त हुआ। आज वे प्रतिवर्ष 500 क्विंटल चाय पैकेट का विक्रय कर रहे हैं। इसी प्रकार बड़वानी जिले के श्री अमोल महाजन जी ने अमेरिका की नौकरी छोड़कर केले के उत्पादन का स्टार्टअप प्रारंभ किया। आज उनका उत्पाद विश्व के अनेक देशों में निर्यात हो रहा है। संवाद में एयर राइफल शूटिंग की राष्ट्रीय खिलाड़ी सुश्री वैष्णवी महुले को राज्य शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, उनके प्रशिक्षक श्री नीरज को ₹5 लाख की प्रोत्साहन राशि देने तथा बड़वानी में हॉकी के एस्ट्रोटर्फ सुविधा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।