उन्नत खेती से सशक्त किसान, समृद्ध मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश में ‘कृषि लोकरंग’ जैसे आयोजनों के माध्यम से खेती को परंपरा के साथ-साथ नवाचार और उद्यमिता से जोड़ा जा रहा है। यह पहल ग्राम पंचायत एवं विकासखंड स्तर पर युवा किसानों को उन्नत, टिकाऊ और लाभकारी कृषि के प्रति जागरूक करने का सशक्त माध्यम है।
इस क्रम में कृषि गतिविधियों की समग्र समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि देशज बीजों के संरक्षण-प्रोत्साहन, लखपति किसान, श्रेष्ठ नर्सरी एवं बगीचा विकास जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से किसानों की सफलताओं को सामने लाया जा सके। साथ ही, सफल किसानों के एग्री-बिजनेस मॉडलों को साझा कर अन्य किसानों को भी प्रेरित किया जाए।
कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कृषि कैबिनेट, किसान कल्याण व स्वाभिमान पर्व, कृषि ग्राम सभा, उन्नत कृषि उपकरणों के क्रेता-विक्रेता सम्मेलन और कृषि उत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश में कृषि को समृद्धि और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।